Monday 9 December 2019

मन की बात ततः किम के साथ (समीक्षा)


बबूल के कांटे-सी चुभती हुई लघुकथाएं

"ततःकिम" (
फिर क्या) संध्या तिवारी की पहली पुस्तक है | जो आजकल की प्रचलित और बहुधा पसंद की जाने वाली विधा लघुकथा को लेकर साहित्य क्षेत्र  में २०१८ अवतरित  हुई है | प्रथम दृष्टया पुस्तक का नाम लुभाता है और लेखिका की भाषा कैसी होगी इसका भी आभास करा देता है | वो कहते है न कि फस्ट इम्प्रेशन बढ़िया पड़ना चाहिए, जिसकी लेखिका ने भरपूर कोशिश की है और लेखक/लेखिका को करनी भी चाहिए। कई मूर्धन्य वरिष्ठ लेखकों से अपनी लघुकथाओं के बारे में लिखवाकर लघुकथा क्षेत्र में अंगद पांव रखने का लेखिका के द्वारा सफल प्रयास हुआ है| उनके बारे में दो लाइन, जब किताब हाथ में पढ़ने को ली तो ऐसे ही दिमाग मे आ गई--

संस्कृत की हैं पंडित बड़ी, तो भाषा का क्यों न हो ज्ञान
कथ्य को करती निरुपित ऐसे, जैसे हों शब्दों की विद्वान|

लघुकथाएँ विसंगतियों को लेकर छोटे रूप में लिखी जानी चाहिए | और अंत में कुछ ऐसी मारक बन पड़ी हों कि इंसान तिलमिला उठे, २०१४/१५ में प्रचलित इस नियम का इस लघुकथा संग्रह में ख़ास ख्याल रखा गया है| अति भावुक व्यक्ति इस संग्रह की दस- पन्द्रह लघुकथाएँ एक बार में नहीं पढ़ सकता है| हमने तो पढ़कर रख दी थी लेकिन फिर लगा कि किसी भी सँग्रह को पढ़कर उसके बारे में दो 
शब्द न कहना अच्छी बात नहीं है| प्यार से भेंट की गयी पुस्तक पर कुछ तो कहना ही चाहिए| जाहिर है दो शब्द कहने के लिए हमें फिर से पढ़नी पड़ी | १५/१६ कथाओं का तो पहले ही सार लिख चुके थे लेकिन फिर बहुतों की अभी हाल ही में लिखे|
इस संग्रह की सभी लघुकथाएँ पाठक को तिलमिलाता हुआ छोड़ देती हैं | सारी लघुकथाएं नकारत्मक/मारक बन पड़ी हैं जिसे पढ़ते हुए सहसा श्री सतीशराज पुष्करणा अंकल जी की बात याद हो आती है कि लघुकथाएँ सकारात्मकता लिए हुए होनी चाहिए | लेखक को सोचना चाहिए कि आखिर वह समाज को दे क्या रहा है| फिलहाल इस संग्रह की हर एक लघुकथा पाठक केे मन मेे बबूूल के कांटे-सी चुभती हैं | एक भी लघुकथा ऐसी नहीं मिली जो दिल को सुकून दे जाए | पढ़ने के बाद पता चलता है कितना जरुरी है विसंगतियो को लेकर कुछ सकारात्मक और कुछ हल्का/फुल्का लिखना भी।

 खैर अब इस संग्रह की लघुकथाओं की बात करते हैं ---
    
‘सांकल’ में छुआछूत का जिक्र करते हुए बेटी माँ को उसकी दोगली नीति से परिचित कराती है| जो की बाल्मीकि स्तोत्र पढ़ती तो है वह लेकिन बाल्मीकि समाज से दूरी बनाए रखना चाहती  है|
‘कठिना’ में मान सम्मान के चलते एक मासूम की जान लेने की कथा है| कथा में साफ-साफ दिखलाया गया है कि रिश्ते के भाई का न तो लड़की से प्रेम था, ना ही तत्क्षण की गलती थी| वह प्यार भितरघात हेतु प्लांट किया गया था| रिश्ते सच में बड़े जर्जर हो चुके हैं आजकल|

‘सीलन’ बेटी की मां और विधवा का सामंजस्य! आह निकल आती है इस मिलान पर |यह सीलन न जाने कब सुखेगी| वैसे बीच में जरा-सा बिखरी सी भी लगी हमें|
‘अंतर’ में अपने और गैर में अंतर साफ दिख जाता है| एक कहावत याद आ जाती है आदमी अपने जाए(बच्चों से) से ही हारता है|

‘आदमी’ में आदमी तो रहा ही नहीं, रोबोट से थे सब|

‘योगमाया’ आदमी जहां से चलना शुरु होता है अंततः पहुंचता भी वहीं है| आंखें खुल जाए तो यह बड़ी अच्छी बात है|

 ‘राजा नंगा है’  राजा भले नंगा हो पर प्रजा नंगी नहीं होनी चाहिए| इस समाज का राजा पुरुष, स्त्री का हाथ क्या! सिर काटने पर आमादा है|

‘क्या नाम दूं’ काला अक्षर भैंस बराबर, और क्या नाम दूं|

 ‘दिल से दिल में’ रहने की काश कोई कला सीख ले तो सारी कायनात मिल ही जाए|

 ‘भंवर’ करप्शन का ऐसा भंवर है जो कागज पर कुछ और, और असलियत में कुछ और ही होता है|

‘क्षेपक’ आदमी कितना भी पढ़-लिखकर बड़ी पोस्ट पर पहुँच जाए लेकिन जातिवाद के जाल से निकल न पाने की सोच पर चोट करती रचना | बेटी की पसंद वाले लड़के पर मुसहर की मोहर लगते ही चमार होते हुए भी पिता अगिया बेताल बन गया | लेखिका के कटाक्ष के तीर सीधे चुभते हैं|

 ‘फाँस’ में सालों की गुलामी की फाँस भीखारी के साथ अंग्रेज के मिस-बिहेवियर से उभर आना अच्छा लगा | पुराना जख्म इतना उभरा कि भीख न देने के हिमायती होते हुए भी सौ रूपये की भीख देकर वहां से उसे हटा देते हैं | कुछ कम  शब्दों  में समेटी जा सकती थी यह|

 ‘किसी भी कीमत पर’
 बाँझ न होने की कीमत यदि मांस का लोथड़ा भी हो तो एक औरत ‘बांझ’ होने का सामाजिक कलंक मिटाने को तैयार हो जाती है| बहुत बड़ी विसंगति है यह समाज की | ऐसे  समाज को चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए |

‘ठेंगा’ इस लघुकथा में जमीर को ठेंगा दिखा  दिया गया है| आदमी पेट के लिए कितना गिर जाता है| पता नहीं मजबूर हो जाता है पेट की आग से या फिर....
 भगवान कथा को जोड़ना जरा नागवार गुजरा हमें | लेकिन सबकी अपनी-अपनी मर्जी और लेखन की कला |

‘बेचारे’ वृद्ध घर से निकाले गये या खुद निकलते नहीं है बल्कि उनकी गंदी आदतें भी वृद्ध आश्रम की मंजिल देख लेती हैं|

‘मोह’ में वृद्धा को खाना-कपड़ा-रहना फ्री का लालच मिलता है फिर भी जाने को तैयार नहीं होती है | परिवार के साथ न चलने पर कहती है कि अपना खून अगर मार भी डाले तो छाया में ही डालेगा | पराये तो पराये ही हैं | कहावत के जरिए अपनों से मोह दिखाया गया है| कुछ कहने को और है ही नहीं | मार-डाट आदमी सहता ही अपनों के बीच रहने के लिए है|

‘तोरई बनाम काजू’ दर्द में भी पति अपना मतलब निकालना चाहा | सब्जी के बहाने से स्त्री के दर्द को बयाँ करती कथा|
‘जय हो भारत’ धार्मिक भावनाओं को लाभ उठाना तो भारतीय परंपरा रही है| जय हो भारत|

‘न जाने कितनी मैरीकॉम’ जंजीरों में जकड़ दी जाती हैं| भाई-भतीजावाद और गरीबी दोनों सोने पे सुहागा का काम करती हैं |

‘सदाबहार’ पौधे के नाम से बढ़िया कटाक्ष हुआ है बेटियों को पालने में होती कोताही पर| लड़कियों के लिए आखिर आदमी इतनी जद्दोजहद कहां करता है फिर भी सदाबहार की तरह पल जाती हैं बेटियां|

‘कबाड़’ में लेखिका ने मुसलमानों के द्वारा लव-जिहाद करके लड़कियों को फांसकर उनका चरित्र हनन की घटना पर प्रकाश डाला  है|

‘हूक’ हमें समझ कम आई | लग रहा है जैसे कुछ ज्यादा ही अनकहा/अनसुलझा रह गया है|
(लेखिका से बात करके पता चला कि माँ के अपराध बोध की कथा निहित है इसमें) बीच में
स्वर्गारोही पात्र द्वारा  वार्ता के कारण थोड़ी उलझ गयी थी |

‘छिन्नमस्ता’ देवी को अपने द्वारा कन्या भ्रूण हत्या करके खुद अपने को उन्हीं की जगह देखना, बहुत कुछ कहती है यह लघुकथा|

‘उफ्फ’ में मरने के बाद क्रियाकर्म के नाम पर खूब भोज्य पदार्थ बर्बाद किया जाता है | जीते जी जिसे प्यासा मार दिया| उसी के मरने के बाद इतनी ज्यादा व्यवस्था करने पर चोट करती कथा|

‘चप्पल के बहाने’ भगवान के नाम पर ब्राह्य आडम्बरों पर चोट करती कथा | ‘ईसुर कहाँ नहीं हैं’ सच्चाई तो इसी एक पंक्ति में ही है |
‘खाई’ के बहाने गर्ल्स हॉस्टल की सच्चाई उजागर की गयी है| हास्टल संस्कृति से दूरस्थ अनजान बच्चे जब इसमें रंगते हैं तो अपने मां-बाप को गंवार समझने लगते हैं| दो पीढ़ी के बीच की खाई 
को दर्शाती हुई लघुकथा|

‘बया और बंदर’ में औरत और मर्द का फर्क बताया गया है| औरत बयां की तरह तिनका तिनका इक्कठा करके घर बनाती रहती है और बंदर घर को उजाड़ता रहता है| प्रतिक के माध्यम से बढ़िया लघुकथा |
‘बिना सिर वाली लड़की’ हर कष्ट सहती रहती है | पंच लाइन मारक बन पड़ी है| कष्ट उसे होता है जिनके सिर उग आते हैं | बिना दिमाग की लड़की आदमी को खुश रखने के लिए वह सब करती है जिसमें दिमाग वाली लड़की नहीं करना चाहेगी |
‘अवधि कितनी होगी’ पुरातन और इतिहास की भटकती आत्माओं के द्वारा आज के मानवों के द्वारा किये पाप को गिनाया गया है | प्रेत का कहना कि हम दोनों का प्रायश्चित इतना तो इन मानव का कितना समय बीतेगा प्रायश्चित में | गहरा सन्नाटा छा जाना घोतक है कि इंसानों की मुक्ति की कोई अवधि तय नहीं है | दिनोदिन उनके द्वारा बढ़ते पाप पर चिंता जताई गयी है |

‘वह’ के जरिए उन लोगों का जिक्र किया गया है जो कष्ट सहते रहते हैं इर्ष्या के वशीभूत होकर, लेकिन इर्ष्या का कारण समाप्त होते ही वह संतुष्टि को प्राप्त होते हैं|
 'कुंठा’ में सब कुछ सहते-सहते प्रतिकार रूप में खुद पर देवता आने के ढोंग करके रुख ही पलट गया है| अब सब उसका सम्मान करने लगे थे, उसका अपमान कर रहे थे जो अब तक | सटीक ऊँगली धरी गयी है इस कुंठा पर|
 ‘कब तक’ में यमराज के द्वारा चित्रगुप्त से प्रश्न किया गया कि कब तक भारतीय सावित्रीओं से हारता रहूंगा| पूरी रचना का सार इसी एक ही लाइन में समेट लिया गया है |
‘आरक्षण’ में कमजोर बूढ़ा बाप बेटे के बहानों से त्रस्त होकर आत्महत्या करके भगवान के घर में आरक्षण करा लेता है|
‘उर्वशी’ में पैसों के आगे बिछती उर्वशी के सामने भिखारी ने रुपए बढ़ाकर 
घंटा मांगा तो उसको अपने सारे श्रृंगार फिजूल लगने लगे | रुपए में ही तो बिक रही थी अब तक| लेकिन अब उसे अपने से घृणा होने लगी थी| थोड़े में बहुत कुछ कहती कथा|
 ‘शेखचिल्ली’ के किस्से तो खूब सुने थे पर उसका उपयोग ऐसे करना बढ़िया लगा | बहु बुजुर्ग ससुर के मरने की चाहत करती है लेकिन वह तो डंडा फटकरते हुए अपशकुनी बिल्ली को मारने दौड़ पड़ा है|
 ‘!!!??’ लघुकथा सच में उतनी ही सवाल और शंका उठाती है जितना की शीर्षक में निशान लगा है|
‘पगली’ कुछ खास नहीं लगी| कथानक सच के साथ नहीं खड़ा है सायास कहने भर का प्रयास है | ऐसा लग रहा है जैसे जज निर्णय सुनाने के लिए झूठ की सीढी पर चढ़ा दिया गया है |
‘बाबू’ में बेटा बेटी का फर्क बखूबी दर्शाया गया है| या यह भी कह सकते हैं कि दूसरा बच्चा होने पर पहले की अनदेखी हो ही जाती है| यदि पहली सन्तान लड़की ह टी और ज्यादा ही|
‘आदमकद आइना’ ऐसा कहाँ कोई मिलता है जो रंग-रूप-गुण में जैसा हो वैसा ही उसे अपना सके आईने की तरह |
‘लाक्षागृह’ में एक स्त्री पुरुष की दोस्ती पर हमेशा से प्रश्न चिन्ह रहा है और रहेगा भी | साहित्य का क्षेत्र भी इस मामले से बाहर नहीं है | इसमें एक स्त्री दूसरी स्त्री के चरित्र पर सवाल उठाती है जो आरोप एक स्त्री को लाक्षागृह जैसी यातना देता है |
‘बेताल प्रश्न’ वैश्विक संस्कृति पर सवाल तो उठाती है पर अपनी संस्कृति का भी सम्मान नहीं कर पाती है यह रचना|
‘खरपतवार’ , बिटिया सच में खरपतवार ही तो होती हैं | बिन सहेजे-संवारे बढ़ती जाती हैं|
‘हरी बत्ती’ में शिक्षा विभाग में फैले भ्रष्टाचार को दिखलाया है|
‘जड़’ में पोते की चाहत लिए नयी बहु में न जाने कितने खोट निकाल देती है सास | जिससे की आगे का रास्ता साफ़ हो |
‘रु..’ में भगवान से ज्यादा लाभ वाली और कौन सी दुकान होगी भला | गहरा तंज कसा गया है इसी बहाने से |
 ‘नीलकंठी’ जातिपाति के इतर जाकर जब कभी लड़का-लड़की के बीच प्यार हुआ है तो परिवार वालों ने जहर ही बोया है | इसका शीर्षक बहुत मारक और नविन-सा लगा |
‘छलावा’ ‘कहीं पर निगाहें कहीं पर निशाना’ कहावत को चरितार्थ करती हुई छलावा लघुकथा| व्यंग्यात्मक शैली में प्रतीकों के माध्यम से लक्ष्य पर निशाना साधती हुई | अब ऐसी कोयलों पर निशाना लगे न लगे यह बाद की बात है|
‘अड्ड’ अड्ड नामक लघुकथा भी व्यंग्यात्मक शैली में इशारों इशारों में बहुत कुछ कहती है |

एक साथ ‘अड्ड’ और ‘छलावा’ पढ़कर मशहूर गाना याद आ गया इशारों इशारों में दिल लेने वाले तू ये बता ये हुनर सीखा कहाँ से ! हा हा हा |

‘फिरताऊ’ का कटाक्ष जो गायों के किस्से के बहाने दर्शाया गया है, बढ़िया है|
‘घुनी हुई औरतें’ शीर्षक ही बहुत तीखा है| लेकिन कथा उतनी मारक हमें नहीं लगी| लग रहा है जैसे लेखिका खुद जो कहना चाह रही है शायद वही अपने पात्रों से कहलवा रही हैं | लेखिका के प्रयास पर ही बढ़ती है यह कथा |
‘मवाली’ में डर शायद इतना हावी था कि उसकी नजरें सामने की पथराही नजरों को भाप ना पाईं |
‘थूंक’ कुछ खास प्रभाव नहीं डाल रही| लेकिन पैसा गुरु और चेला तो बता ही गई | आदमी मदद पैसे वाले की ही करता है, भले खून का रिश्ता हो|
‘आज का तथागत’ कुछ लोग इस दुनिया में रम नहीं पाते हैं |स्मैकिए छोटे बेटे की मौत पर मां के शब्दों के बीच कबीर का भजन का बजना सब कुछ समझा देता है| जैसे था वैसे ही बिन ब्याहे चला गया, माँ के इस रुदन से शीर्षक को बल मिल रहा |
‘रानी बिटिया’ पहले संवाद और दूसरा संवाद किसके हैं कुछ ज्यादा ही संकेतात्मक लघुकथा है| शायद हमारी समझ ही कमजोर हो |
‘कौवा हड़वनी’ में प्रचलित कथा के माध्यम से दूसरे की सेवा पर कैसे दूसरे भांजी मारकर बैठ जाते, इस पर कटाक्ष करती लघुकथा|
‘तंज’ में दिखाया गया है कि जब सरकारी सहायता मिलती है तो स्थिति इतनी खराब क्यों है! मुख्य पात्र द्वारा इतनी शब्द पर जोर देना जाहिर करता है कि अधिक ही मिलता है | इसी एक पंक्ति से लघुकथा अपने मंतव्य तक पहुंच पा रही है, हमें ऐसा लगता है|
‘आधी आबादी’ कथानक अपने कथ्य तक पहुंचने से पहले बड़ी बिखरी-बिखरी-सी लगी |
‘दुकान’ के बहाने बीमार मानसिकता पर कुठाराघात किया गया है | बाजारवाद में सब जायज है जैसे आजकल तो|
‘जय हो’ कथनी खांड- सी ही होती है ज्यादातरों की|
 ‘नियति’ इन्सान का अंत तो होना ही है| फूल से लदे पौधे का प्रतिक लेकर बढ़िया लघुकथा बुनी गयी है |
‘थाप’ के बहाने घर में स्त्री की क्या स्थिति है बयां करती है कथा| छोटे से कलेवर में बहुत कुछ कह देती है|
‘झूला’ आह निकल जाती है यह लघुकथा पढ़ते हुए| क्या-क्या न कर्म किए लोग लड़कियों को मारने के लिए| दुर्घटना नहीं ही होती है लड़कियों के साथ | छोटे से कथन में बहुत बड़ा दर्द छुपा है| बेटी को लेकर लोगों की विकृत मानसिकता का प्रदर्शन करती है कथा| वहीं पुत्र को ऐसे सहेजना कि फूलों से भी चोट न लग जाए कहीं| हाय रे समाज में फैले बीमार लोग |
‘दिठौना’ लघुकथा बेहद जानदार बन पड़ी है| सहजता से बहती हुई अंत में चोट करती है कुत्सिक मानसिकता पर|
‘इस अमेरिका की तो...’ दूसरों पर उंगली उठाना आसान है| लेकिन हम अपने आदर्शों की फजीहत करते फिरते हैं | करारा तमाचा है डबल स्टैंडर्ड वाले मानसिकता रखने वाले लोगों पे |
‘हरी बिल्ली’ शीर्षक गजब का है| हरी बिल्ली यानी हरी करारी पांच सौ की नोट मेधावी छात्र का रास्ता काट जाती है जिससे वो नोट देने वालों से पीछे रह जाते हैं | शिक्षा जगत में फैले भ्रष्टाचार पर कुठाराघात करती लघुकथा|
‘जहन्नुम’ पारिवारिक कलह की बढ़िया तस्वीर उतारती है यह लघुकथा | जहां रोज-रोज लड़ाई झगड़ा मारपीट हो वह घर जहन्नुम ही तो है|
‘द अल्टीमेट फाइटर’ अंग्रेजी शीर्षक लेकिन लघुकथा में वही हमारी घिसी-पिटी बीमार मानसिकता पर कुठाराघात करती है |
‘कविता’ कविता में कविता लिखती हुई पात्र के जरिए घर में सब स्त्री का तो है पर घर के दरवाजे की नेम प्लेट नहीं| वह तो सब कुछ होकर भी महत्वहीन है स्त्री |
‘सपने का दरवाजा’ घाटी के घरों के खुले दरवाजे और उस दरवाजे से दूर हो गए कश्मीरी पंडितों पर अच्छी रचना| अपनी जान बचाने के लिए कसम खाने वाला पंडित भी जान जाने के डर से पीछे हट गया| एक लंबा इंतजार करते हुए, यह सोचकर कि जान है तो जहान है| पत्रकार आज भी वह तस्वीर छापकर पंडितों क उनकी कसम की याद दिलाते रहते ..शायद कोई सपने का दरवाजा खुल ही जाए |
‘मैं तो नाचूंगी गूलर तले’ असहिष्णुता पर अच्छी लघुकथा|
‘ढकोसला’ में अपनी स्वार्थ सिद्धि में सारे पारंपरिक रीति-रिवाज रूढ़िवादी लगने लगते हैं | दोगले लोगों पर बढ़िया तंज कसती हुई लघुकथा|
‘अलजेबरा’ खूबसूरत रूप ही जी का जंजाल बनने की कहानी बताती है| तो इस लघुकथा से क्या समझा जाए कि जो रूपवान नहीं होतीं वो बची रहती हैं?

यह ततः किम पूरे 
72 लघुकथाओं का संग्रह है जो दिल में बहत्तर छेद करने में सक्षम है | कई बार में पढ़ी हमने| एक बार में एक साथ ही सभी लघुकथाएँ पढ़ पाना हम जैसे भावुक लोगों के लिए संभव नहीं है| शुक्र है कि हमारी याददाश्त दुरुस्त नहीं है वरना ऐसी कथाएं पढ़कर याद रह जातीं तो रह-रहकर टीस उठती रहती|  किन्तु फिर भी कुछेक लघु कथाएं बड़ी गहरी तक चुभ गईं हैं |
सांकेतिक शैली में लिखी कथाओं को पढ़ने में हम जैसे सामान्य पाठक को थोड़ी मशक्कत करनी पड़ सकती है | कुल मिलाकर लघुकथाओं की भाषा-शैली सब बढ़िया है| कहीं-कहीं कई लघुकथाओं में प्रवाह बाधित हुआ है | लेखिका से हमें कहना है कि एक ही तरीके से लघुकथा लिखने से बचना चाहिए| साड़ियाँ कितनी भी पसंद आये पर एक डिजाइन, इक ही रंग की साड़ियाँ तो अपनी अलमारी में नहीं रखेंगी न | बहुत सी लघुकथाएं आपने दो घटनाओं को लेकर लिखा है | कहीं पौराणिक तो कहीं लोककथा को लेकर | शायद आप समझ जायेगीं हमारा मंतव्य |
फ़िलहाल हमारे समय की लेकिन हम से कहीं आगे मूर्धन्य, मेधावी, वरिष्ठ लघुकथाकार को हृदय के तल से बधाई | दूसरा, तीसरा फिर अनगिनत एकल संग्रह आता रहे और हम उन्हें पढ़कर उनकी विद्वता पर इठलाते रहें |
इक बात और कहनी  - पुस्तक का नाम भले संस्कृत में है लेकिन अंदर हिंदी के शब्द भी सही नहीं लिखे हैं। व्याकरण के नियमो की तबीयत से धज्जियाँ उड़ाई है प्रकाशक  ने। प्रकाशक की इन गलतियों की आंच स्वाभिक है लेखिका पर भी पड़ेगी ही। अपनी लघुकथाओं का मान रखने के लेखिका को फिर से दूसरी किताब छपवानी चाहिए, इन्हीं कथाओं के साथ। ऐसा लग रहा जैसे प्रकाशक आमादा हो कि पैकिंग भले  शानदार कर लो अंदर का सामान तो क्षत विक्षत  ही मिलेगा। लेखिका द्वारा ही लिखी कहानी बया और बन्दर याद आ रही इस समय | पहली किताब होने के नाते इस किताब ने खुशी भले ही दी हो लेकिन सुकून बिल्कुल भी नहीं दिया होगाक्योंकि गलतियों का पुलिंदा है किताब। अच्छी लघुकथाएँ गलत प्रकाशक यानी गलत हाथो में पड़कर क्या से क्या  हो जाती हैं, इस संग्रह को पढ़कर बखूबी समझा जा सकता है। शुक्र है प्रकाशक ने लेखिका के शब्दों औऱ प्रस्तुति को नहीं छेड़ा है। बस यहीं पर लेखिका पर घोर मेहरबानी की है। इसका अहसानमन्द हुआ जा सकता है कि उसने कम से कम लेखिका के ही कलम से निकले शब्द को पढ़वाया। वहां अपना पाण्डित्य बिखरने से प्रकाशक चूक गया शायद। कुल मिलाकर लघुकथाएँ पाठक के हृदय को चीरती हैं तो प्रकाशक की गलतियां पाठक के मन को भेदती हैं, औऱ मुख से अनायास ही निकल पड़ता है कि ये मूर्धन्य लेखिकाआपने किस ओखली में सिर दे दिया! 

मन की बात
समीक्षक- सविता मिश्रा ‘अक्षजा’